प्रतिनिधि
दिनांक 22 2.2026 को झारखण्ड के चाईबासा स्थित सारडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान IED ब्लास्ट में झाड़ा गांव निवासी कोबरा कमांडो दिनेश गणेशराव राऊत गंभीर रूप से घायल हो गए। वे Commando Battalion for Resolute Action (CoBRA) के बहादुर जवान हैं, जो Central Reserve Police Force के अंतर्गत कार्यरत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सघन जंगल में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED में जोरदार विस्फोट हुआ। इस धमाके में दिनेश राऊत के बाएं पैर (डाव्या पायाला) को गंभीर क्षति पहुंची। बावजूद इसके, उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए स्वयं को संभाला और अपनी टीम के अन्य साथियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस पराक्रम से कई जवानों की जान बच सकी।
घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में उन्हें जंगल से हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची लाया गया, जहां Raj Hospital में उनका प्राथमिक उपचार किया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण 21 फरवरी 2026 को उन्हें एयर एम्बुलेंस द्वारा दिल्ली के All India Institute of Medical Sciences (एम्स) में स्थानांतरित किया गया। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका ऑपरेशन किया, जिसमें संक्रमण और गंभीर क्षति के चलते उनका बायां पैर काटना पड़ा।
कोबरा कमांडो दिनेश राऊत ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान जो साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा दिखाई, वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनके इस अद्वितीय पराक्रम की सराहना करते हुए ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
झारखण्ड सहित पूरे क्षेत्र में उनके साहस की चर्चा हो रही है और नागरिकों ने सरकार से ऐसे वीर जवान के सम्मान एवं उचित सहायता की मांग की है













