तलेगांव दशासर (अमरावती) : तलेगांव दशासर के देवगांव चौफुली पर बुधवार की सुबह १०.२२ बजे कार को तेज रफ्तार से दौड़ रही एम्बुलेंस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तलेगांव के पुलिस उपनिरीक्षक राहुल वानखडे की 7 वर्षीय बेटी त्रिशा की मौत हो गई, जबकि राहुल वानखड़े और उनकी पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गई. दोनों को यवतमाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया है.



राहुल वानखड़े तलेगांव दशासर पुलिस स्टेशन में पीएसआई पद पर कार्यरत है. बुधवार की सुबह राहुल वानखड़े अपनी पत्नी और बेटी के साथ कार में सवार होकर धामणगांव रेलवे गए थे. यहां बेटी की स्कूल के काम को निपटाकर तलेगांव दशासर थाने में ड्यूटी पर जाने के लिए राहुल वानखडे वापिस लौट रहे थे, तभी देवगांव चौफुली पर धामणगांव से यवतमाल की ओर तेज रफ्तार से जा रही एंबुलेस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें राहुल वानखड़े और उनकी पत्नी व बेटी गंभीर रुप से घायल हो गए. जिन्हें तत्काल यवतमाल के अस्पताल में भर्ती किया, जहां उपचार दरम्यान बेटी त्रिशा की मौत हो गई, जबकि राहुल और उनकी पत्नी का इलाज चल रहा है.













